जानलेवा ठंड
इंदौर. गुरुवार को भी शीतलहर का कहर जारी रहा और इंदौर का तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसके साथ ही ठंड ने दस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग दिल्ली का पूर्वानुमान है अगले दो-तीन दिनों तक शहर अत्यधिक शीतलहर की चपेट में आ सकता है।
अनुमान के मुताबिक 25 जनवरी को पारा 1.2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। उत्तरी पूर्वी हवाओं का जोर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात को भी चला और रात का पारा 24 घंटे के भीतर दो डिग्री नीचे गिर गया। सुबह तापमान दो डिग्री ऊपर चढ़ा। बुधवार की तुलना में गुरुवार को जनजीजवन कम प्रभावित रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधर, अहिल्याश्रम के सामने बुधवार रात एक अज्ञात वृद्ध महिला की लाश मिली। आसपास के लोगों ने बताया वह भीख मांगकर गुजारा करती थी। सदर बाजार पुलिस का अनुमान है उसकी मौत ठंड लगने से हुई है। इसी तरह यशवंतसागर के पास टीन शेड में राजस्थान निवासी भूरालाल पिता भंवरलाल (55) की लाश अकड़ी हालत में गुरुवार सुबह मिली।
चंदननगर पुलिस के अनुसार वह श्याम कंस्ट्रक्शन कंपनी में रसोइया था और रात को अलाव के पास बिस्तर लगाकर सोया था। साथियों ने सुबह जगाने की कोशिश की तो पता लगा मृत्यु हो गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। अनुमान है उनकी मौत भी ठंड से हुई है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगी।
0 comments:
Post a Comment